Ravipath News
261165
Election 2024-09-08 15:04:32

जनता का उत्साह से हर बूथ पर कमल का फूल खिलना तय : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

लाड़वा, 8 सितंबर रवि पथ :

हरियाणा के लोगों का स्नेह और प्यार ही मेरी ताकत,कमल के निशान पर जाने वाला एक-एक वोट हरियाणा की समृद्धि के लिए जाएगा : सीएम नायब सैनी

कांग्रेस को अपने स्वार्थ से मतलब, जनता के हितों से नहीं : नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाबैन, रामसरन माजरा, खैरी, गुढ़ा, छपरा व डीग का दौरा कर चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया


हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के लोगों का स्नेह और प्यार ही मेरी ताकत है। उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह यही संदेश दे रहा है कि हर बूथ पर कमल का फूल खिलना तय है। कमल के निशान पर जाने वाला एक-एक वोट हरियाणा की समृद्धि के लिए जाएगा। सीएम सैनी ने ये बातें रविवार को विधानसभा लाड़वा में जनसंपर्क अभियान के दौरान कही।


सीएम ने लाड़वा के छलोंदी गांव के प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक भी किया और प्रदेशवासियों की सुख और समृद्धि की कामना की। जनसंपर्क के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना भी साधा और कहा कि कांग्रेस अपने स्वार्थ की पूर्ति के लिए किसी को भी नहीं बख्शती और हर वर्ग का शोषण करती है। कांग्रेस को जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बाबैन क्षेत्र के अपने चुनावी अभियान के तहत बाबैन, रामसरन माजरा, खैरी, गुढ़ा, छपरा व डीग में पहुंचे और जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री नायब सैनी का पगड़ी पहनाकर,अंग वस्त्र भेंट कर ,स्मृति चिन्ह भेंट कर तथा फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया और लाड़वा के हर बूथ पर कमल का फूल खिलाने का भरोसा दिया। इस मौके पर लाड़वा के पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी, जिलाध्यक्ष सुशील राणा, धर्मवीर मिर्जापुर, कंवलजीत कौर, सैनी समाज सभा के प्रधान गुरनाम सिंह उदारसी, डॉ गणेश दत्त, गुरनाम सिंह गजलाना, नायब पटाक माजरा, जसविंदर सिंह जस्सी, डिम्पल सैनी, कौशल सैनी, गुरमीत कलाल माजरा के अलावा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में लाड़वा की सरदारी का बड़ा आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वे लाड़वा के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे और विकास की गति में लाड़वा को अग्रणी क्षेत्र बनाएंगे। सीएम सैनी ने कहा कि क्षेत्र के लोगों के उत्साह और उमंग ने यह साफ संकेत दिया है कि वे विकास और स्थिरता के पथ पर आगे बढऩे के लिए पूरी तरह भाजपा के साथ है। 

खुद को नायब समझकर प्रचार में जुट जाएं कार्यकर्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव में खुद को नायब मानकर और इस चुनाव को अपना चुनाव समझकर प्रचार में जुट चुके हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में हरियाणा में पूर्ण बहुमत के साथ तीसरी बार भाजपा सरकार बनने जा रही है। जनसंपर्क अभियान के दौरान सीएम सैनी ने प्रदेश के लोगों से भी आग्रह करते हुए कहा कि आप लोग मजबूती के साथ भाजपा को जिताने का काम करें, डबल इंजन की सरकार हरियाणा को तरक्की की राह पर और तेजी से लेकर जाएगी और हर वर्ग का विकास हमारी सरकार संकल्प के साथ पहले से भी अधिक गति से करेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 10 वर्षों में जो काम किए हैं उन कार्यों की आज हर का व्यक्ति चर्चा कर रहा है। हरियाणा का हरेक व्यक्ति तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए मन बना चुका है। 

आने वाला समय हरियाणा की तरक्की का समय होगा

नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि भारत को 2047 तक दुनिया का सिरमौर राष्ट्र बनाना है। प्रधानमंत्री के इस मिशन में हरियाणा का सहयोग अग्रणी रहेगा। उन्होंने कहा कि हमने हर वर्ग को मजबूती के साथ आगे बढ़ाया और आगे भी बढ़ाएंगे। भाजपा सरकार ने बिना किसी भेदभाव के विकास किया है। आने वाला समय हरियाणा की तरक्की का समय होगा, इसलिए प्रदेश के लोग तीसरी बार हरियाणा में कमल खिलाकर हरियाणा की तरक्की के भागीदार बनें।

युवाओं की तरक्की में बाधा है कांग्रेस

मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अपने स्वार्थों के लिए कांग्रेस किसी को भी नहीं बख्शती है। कांग्रेस पार्टी किसानों, पहलवानों, सैनिकों, महिलाओं और गरीबों के नाम पर राजनीति करती है। कांग्रेस के डीएनए की जांच कराएंगे तो उसके डीएनए के अंदर यही निकलकर आएगा कि कांग्रेस ने महिलाओं, गरीबों और युवाओं का शोषण किया है। युवाओं की तरक्की में कांग्रेस ने साधा बाधा ही खड़ी की है। 


नई पीढ़ी के भविष्य के लिए भाजपा सरकार बनना जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान युवाओं का विश्वास उठ चुका था। कांग्रेस के समय नौकरियां भी पर्ची और खर्ची व मंत्रियों के दरबारों में चक्कर काटने से मिलती थी। भाजपा ने इस सिस्टम को खत्म कर पारदर्शी शासन व्यवस्था लागू की। भाजपा सरकार ने युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर नौकरियां दी। उन्होंने हरियाणा की जनता से आह्वान करते हुए कहा कि 5 अक्टूबर को हर विधानसभा में कमल का फूल खिलाकर हरियाणा में नई पीढ़ी के भविष्य के लिए भाजपा की सरकार बनाएं।

Advertisement

Featured News

Follow Us:

© 2024 | Ravipath News. Powered by inHaryana.com Developed by DishaLive Web Design and Solutions