Ravipath News
50457
Election 2024-09-19 17:12:43

हरियाणा के दो करोड़ 80 लाख लोगों की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को भाजपा सरकार लगातार पूर्ण कर रही : नायब सैनी

रोहतक, 19 सितंबर रवि पथ :

‘संकल्प पत्र’ में हरियाणा प्रदेश के लोगों की जो अपेक्षाएं हैं भारतीय जनता पार्टी उन पर खरा उतरने का काम करेगीः नायब सैनी

8 तारीख को रिजल्ट आने के बाद मेनिफेस्टो को अपने पास रख लेना, जो वादे पूरे होते जाएंगे उन पर टिक लगाते जाना’ः नायब सैनी

भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए अपना ‘संकल्प पत्र’ जारी किया। ‘संकल्प पत्र’ का विमोचन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने किया। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि आज हरियाणा प्रदेश के लिए बड़ा गर्व का दिन है। हरियाणा के दो करोड़ 80 लाख लोगों की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को हमारी सरकार लगातार पूर्ण कर रही है। संकल्प पत्र में हरियाणा प्रदेश के लोगों की जो अपेक्षाएं हैं भारतीय जनता पार्टी उन पर खरा उतरने का काम करेगी। इस कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर,  राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, कुलदीप बिश्नोई, सुधा यादव, रामचन्द्र जांगड़ा, अशोक तंवर सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जो ‘संकल्प पत्र’ जारी हुआ यह हमारे लिए कोई चुनावी घोषणा पत्र नहीं है। सीएम ने कहा कि भाजपा ने जो कहा है, जो वादे किए उनको पूरा किया है। साल 2014 में भाजपा ने अपने मेनिफेस्टो में जो लगभग 187 संकल्प लिए थे, उनको पूरा करने का काम किया था। साल 2019 के मेनिफेस्टो में भाजपा ने लगभग 265 लोगों से जो सुझाव आए थे, उसके बाद संकल्प लिया था। सभी 265 संकल्पों और अपने वादों को धरातल पर उतारने का काम किया है।

विपक्षी दल मेनिफेस्टो में जो वादे करते,चुनाव के बाद उनको उठाकर भी नहीं देखते

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो वादे करती है उनको पूरा करती है और यही वजह है कि प्रदेश की जनता भाजपा पर भरोसा करती है। लेकिन दूसरी पार्टियों के मेनिफेस्टो उठाकर देखा जाए तो वो महज भ्रामक दिखाई देता है। विपक्षी दलों के मेनिफेस्टो में लुभाने वाले वादे किए जाते हैं। विपक्षी दल मेनिफेस्टो में जो वादे करते हैं, चुनाव के बाद उनको उठाकर भी नहीं देखते। भारतीय जनता पार्टी जो वादे करती है, उनको पूरा करने का काम करती है।

पहले युवाओं को जॉइनिंग लेटर देंगे, उसके बाद मुख्यमंत्री की शपथ ली जाएगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में लिखे हुए एक-एक संकल्प पर 8 तारीख को रिजल्ट आने के बाद गति से काम करना शुरू कर देंगे। हमने अपने संकल्प पत्र से पहले ही प्रदेश के युवाओं से वादा किया है कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग ने जो 24000 भर्तियों पर रोक लगवाई है, हमने जो वादा किया है पहले युवाओं को जॉइनिंग लेटर देंगे उसके बाद मुख्यमंत्री की शपथ ली जाएगी। कांग्रेस अपने झूठे वादों की दलदल में फंसती जा रही है,  कांग्रेस के शेखचिल्ली और झूठे वादों से जनता त्रस्त है। चाहे हिमाचल हो कर्नाटक या फिर तेलंगाना हो, कांग्रेस की सरकार से लोग ऊब चुके हैं। आज हरियाणा की जनता सच और सही के साथ है,भाजपा जो कहती है उसको पूरा करती हैं। कांग्रेस की फटाफट और टकाटक की जो जुगलबंदी है,भारतीय जनता पार्टी उसमें विश्वास नहीं करती। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आगामी 8 अक्टूबर को रिजल्ट आने के बाद मेनिफेस्टो को अपने पास रख लेना। जो वादे पूरे होते जाएंगे उन पर टिक लगाते जाना है। कांग्रेस से हमेशा देश और प्रदेश के लोगों के साथ वायदे तो किए हैं, लेकिन वह वादे घोषणा में ही रह गए। आज देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस का असली चेहरा पहचान चुकी है। 

हरियाणा के 2 करोड़ 80 लाख लोग इस संकल्प पत्र के साथ चलते हुए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान मजबूती से देंगे

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को लेकर भाजपा ने युवाओं, गरीब, अन्नदाता और नारी को सशक्त करने को लेकर भावनाओं को इस संकल्प पत्र में समाहित किया गया है। पीएम मोदी ने जो 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया है, हरियाणा के 2 करोड़ 80 लाख लोग इस संकल्प पत्र के साथ चलते हुए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान मजबूती से देंगे।

Advertisement

Featured News

Follow Us:

© 2024 | Ravipath News. Powered by inHaryana.com Developed by DishaLive Web Design and Solutions