Ravipath News
207285
Culture 2024-09-15 04:35:04

मीनू कालिरामन ने फतह की जगतसुख चोटी, तिरंगा फहराकर फिर रचा नया इतिहास

हिसार रवि पथ न्यूज़ :

हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत कुल्लू घाटी में स्थित पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला की जगतसुख चोटी (5050 मीटर) पर हाल ही में मीनू कलिरामन ने तिरंगा फहराया, जो उनके साहस, समर्पण और अदम्य इच्छाशक्ति का प्रतीक है। इस अद्वितीय अभियान के दौरान मीनू ने न केवल हिमालय के इस दुर्गम क्षेत्र में विजय प्राप्त की बल्कि भारत की बेटियों के लिए एक नई प्रेरणा का संचार भी किया।

यह जानकारी देते हुए मीनू कलिरामन ने बताया कि इससे पहले भी वे पर्वतारोहण की दुनिया में कई बड़े कीर्तिमान स्थापित कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि दुनिया की सबसे ऊँची चोटी माउंट एवरेस्ट और दुनिया की चौथी ऊँची चोटी माउंट लहोत्से पर एक साथ तिरंगा फहराकर रिकॉर्ड बनाया था और इस उपलब्धि को सबसे कम समय में पूरा करने वाली देश की पहली बेटी बन चुकी हैं। मीनू अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊँची चोटी माउंट किलिमंजारो, नेपाल की माउंट मेरा पीक, हिमाचल की माउंट फ्रेंडशिप पीक, और लद्दाख की माउंट युनाम पीक पर भी तिरंगा फहराने का गौरव प्राप्त कर चुकी हैं। उनकी इन महान उपलब्धियों के लिए भगत सिंह फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेनू कादियान ने उन्हें फाउंडेशन का ब्रांड एंबेसडर बनाया है। इसके साथ ही, मीनू "नशा मुक्त हरियाणा" मुहिम को भी सक्रिय रूप से आगे बढ़ा रही हैं, जो समाज के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय कार्य है।


मीनू कालिरामन का सफर यहीं नहीं रुकता। उन्हें हरियाणा में कृषि विमान पायलट के पहले बैच की एकमात्र लड़की पायलट बनने का गौरव भी प्राप्त है। उनकी इसी मेहनत और समर्पण के चलते उन्हें "भारत गौरव", "जाट रत्न", "पंजाब का धीयाँ दा मान", और "यूथ आइकन अवार्ड 2021" जैसे कई महत्वपूर्ण सम्मान भी मिल चुके हैं। वर्ष 2023 में, मीनू को "ब्रांड एंबेसडर इंटरनेशनल मिलेट्स ईयर" के रूप में भी चुना गया था, जो उनके व्यापक योगदान को दर्शाता है। 

ग्रामीणों ने बताया कि मीनू ने एक बार फिर साबित किया कि कड़ी मेहनत और संकल्प से किसी भी ऊँचाई को छुआ जा सकता है। मीनू कालिरामन अपने साहस और मेहनत से न केवल अपने परिवार और राज्य, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन कर रही हैं।इस बार जब मीनू ने हिमाचल की दुर्गम जगतसुख चोटी पर तिरंगा फहराया, तो यह सिर्फ एक पर्वतारोहण की उपलब्धि नहीं, बल्कि हरियाणा और पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बना।

Advertisement

Featured News

Follow Us:

© 2024 | Ravipath News. Powered by inHaryana.com Developed by DishaLive Web Design and Solutions