Ravipath News
31773
Election 2024-09-03 05:48:46

विधानसभा चुनाव में भाजपा का हर प्रपंच होगा नाकाम, हार देखकर बौखलाए भाजपा नेता : लाल बहादुर खोवाल

हिसार  रवि पथ न्यूज़ :

हरियाणा विधानसभा चुनाव में स्पष्ट हार देखकर बौखला गए भाजपा नेता : लाल बहादुर खोवाल

हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि पिछले चुनावों की तरह इस बार भी भारतीय जनता पार्टी ने कई प्रपंच रचे हैं लेकिन उसका हर प्रपंच नाकाम होगा। उन्होंने कहा कि जैसे पिछले दो विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बड़े-बड़े व लोकलुभावन वादे करके वोट बटोरे थे, उसी तरह इस बार भी जनहित के बहुत से वादे किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनविरोधी नीतियों के चलते गरीब, मजदूर, किसान, शोषित व पिछड़ा वर्ग सहित हर वर्ग को जिस तरह से भाजपा के शासनकाल में प्रताडऩा सहनी पड़ी है उसे जनता भूल नहीं सकती। इसलिए भाजपा किसी भी प्रपंच में कामयाब होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि इसी तरह भाजपा ने दबाव बनाकर चुनाव की तिथि में परिवर्तन करवा लिया है लेकिन इससे भाजपा को कोई फायदा नहीं होने वाला है। इस प्रक्रिया से भाजपा की घबराहट जनता के सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि दरअसल भाजपा के नेता हरियाणा विधानसभा में स्पष्ट हार देखकर बौखला गए हैं। 

एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का वर्चस्व हरियाणा में बढ़ता जा रहा है और विधानसभा चुनाव में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस पार्टी स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले दस साल में जनता को मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करवा पाई है। बढ़ती बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, महंगाई व लचर कानून व्यवस्था के कारण आम आदमी का जीना दूभर हो गया है। 

उन्होंने कहा कि लोगों तक भाजपा की सच्चाई पहुंचाने एवं उन्हें जागरूक करने के लिए सांसद कुमारी सैलजा लगातार कांग्रेस संदेश यात्रा निकाल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से लाखों लोग जुड़ चुके हैं और यह सिलसिला जारी है। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव व सीडब्ल्यूसी की सदस्य कुमारी सैलजा ने जनवरी माह में भी कांग्रेस संदेश यात्रा निकालकर जन-जन को कांग्रेस पार्टी से जोडऩे का काम किया था। इस संदेश यात्रा का सराहनीय परिणाम लोकसभा चुनाव में देखने को मिला। इसी भांति अब हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी कुमारी सैलजा की यात्रा एवं जनसभाओं का सकारात्मक परिणाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि कुमारी सैलजा की पदयात्रा व जनसभाओं में उमड़ रही भीड़ से यह प्रतीत होता है कि हरियाणा की 36 बिरादरी के लोग बहन सैलजा को मुख्यमंत्री के रूप मेें देखना चाहते हैं।



Advertisement

Featured News

Follow Us:

© 2024 | Ravipath News. Powered by inHaryana.com Developed by DishaLive Web Design and Solutions